ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज फरवरी को ग्वालियर प्रवास के दौरान नगर निगम के सफाई कर्मचारी रामसेवक चिंडोलिया के घर भोजन करने जाएंगे। रामसेवक के घर सीएम के आने की सूचना मिलने पर समाज के लोग काफी खुश हैं। शनिवार की दोपहर रामसेवक के घर समाज के लोग पहुंचे। वहीं घर के अंदर का माहौल भी काफी खुशनुमा था, जबकि घर की महिलाओं ने सीएम के स्वागत व उनके भोजन का पूरा मैन्यू बना रखा था। हमने ने रामसेवक, उनकी पत्नी जमुना देवी वे बेटी से बात की।
प्र:- सीएम आपके घर आ रहे हैं, आपको कैसा लग रहा है?
उ:- सीएम शिवराज सिंह चौहान हमारे घर आ रहे हैं, यह जानकर हमें काफी खुशी है। साथ ही हमारे समाज में भी काफी खुशी है। यहां तक की अब मोहल्ले के लोग भी खुश हैं और बोल रहे हैं कि अच्छा है सीएम आ रहे हैं।
प्र:- कभी उम्मीद थी सीएम घर आएंगे।
उ:- मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं, इसलिए पार्टी के कार्यक्रम में जाता रहता हूं, लेकिन कभी उम्मीद नहीं थी कि मेरे घर मुख्यमंत्री आएंगे। उनके आने की सूचना से हम काफी उत्साहित हैं।
प्र:- भोजन का मैन्यू क्या रखा है?
उ:- जमुना देवी ने बताया कि भोजन में हमारे घर मंे जो भी है, वही बनेगा, वैसे हम आलू-मटर की सब्जी, खीर, दाल-चावल और रोटी बनाएंगे।
प्र:- सीएम के आने पर कोई विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
उ:- कोई विशेष इंतजाम नहीं है, जो जैसा है वैसा ही सामने रहेगा। मेरे घर में जमीन है, जहां मेरा परिवार बैठकर भोजन करता है, वहीं सीएम को भोजन कराऊंगी।
प्र:- सीएम घर आ रहे हैं, कुछ सोचा है क्या मांगेंगे?
उ:- नहीं सीएम हमारे घर आ रहे हैं, यही काफी है। हमें कुछ नहीं मांगना हैं।